युवाओं को आकर्षित कर रही है हिंदी

जीवन में भाषा की भूमिका बहुआयामी है। भाषा के माध्यम से व्यक्ति अपने अनुभवों को दूसरों तक पहुंचाता है, जिससे परस्पर सामाजिक, सांस्कृतिक और भावनात्मक संबंध मजबूत होते हैं और समाज का विकास होता है। भाषा विचार-विमर्श की क्षमता को भी विकसित करती है और व्यक्तित्व निर्माण में सहायक होती है।
भाषा के माध्यम से ही विचारों एवं भावनाओं की अभिव्यक्ति, सामाजिक संपर्क, ज्ञान और संस्कृति का हस्तांतरण, और व्यक्ति व समाज की पहचान जैसे कार्य संपन्न होते हैं। इस प्रकार, यह कहा जा सकता है कि भाषा ही एक ऐसा माध्यम है, जो समाज के हर वर्ग को आपस में जोड़ कर रखती है।
यह युवा पीढ़ी और समाज के अनुभवी एवं वरिष्ठ नागरिकों के मध्य संपर्क और संवाद का भी अभिन्न स्रोत है। हर वर्ग की अपनी सोच, अपने पहलू भिन्न हो सकते हैं, फिर भी देश भर में संवाद, लगाव और जुड़ाव के लिए उपयोग में आने वाली भाषाओं में हिंदी अग्रणी है। ऐसे में युवाओं के जीवन में हिंदी भाषा की भूमिका स्वतः स्थापित हो जाती है।
युवा किसी भी राष्ट्र की ऊर्जा, सृजनशीलता और भविष्य के प्रतीक होते हैं। जब युवा अपनी अभिव्यक्ति के लिए किसी भाषा को अपनाते हैं, तो वह भाषा और अधिक जीवंत हो उठती है। आज हिंदी भाषा युवा वर्ग को निरंतर आकर्षित कर रही है।
आज की दुनिया में युवाओं की सोच, शैली और भाषा लगातार बदल रही है, लेकिन इस बदलाव के बीच हिंदी भाषा का आकर्षण और महत्व पहले से अधिक बढ़ा है।
युवाओं की वैचारिक सोच और दुनिया को समझने में भी भाषाओं की भूमिका अहम है। आज के डिजिटल युग में युवा और भाषा के बीच संबंधों में अलग तरह के बदलाव परिलक्षित हुए हैं।
इसका स्पष्ट उदाहरण है सोशल मीडिया पर युवाओं का जुड़ाव। आज के युवा अपनी सामाजिक पहचान बनाने, समूहों से जुड़ने और खुद को अभिव्यक्त करने हेतु भाषा का उपयोग करते हैं।
वे सोशल मीडिया पर स्लैंग, शॉर्टफॉर्म और इमोजी जैसे भाषाई नवाचारों का उपयोग करके भाषा को गतिशील रखते हैं, जो युवा संस्कृति का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।
हिंदी भारतीय संस्कृति की आवाज है। यह सांस्कृतिक पहचान और गर्व का प्रतीक है। हिंदी की यह शक्ति युवाओं को अपनी जड़ों से जोड़ती है और उन्हें आत्मगौरव का अनुभव कराती है।
आज का युवा अंग्रेजी के दबाव से हटकर अपनी मातृभाषा और राष्ट्रभाषा में अभिव्यक्ति को लेकर सजग है।
वैश्विक स्तर पर भारतीयता की पहचान है हिंदी। विदेशों में बसे भारतीय युवा हिंदी के जरिये अपनी जड़ों से जुड़े रहना चाहते हैं।
हिंदी शिक्षण से जुड़े विदेशी विश्वविद्यालयों और ऑनलाइन पाठ्यक्रमों की लोकप्रियता बढ़ रही है। कई विदेशी विश्वविद्यालयों में हिंदी पढ़ने वाले छात्रों की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है।
जहाँ एक ओर सोशल मीडिया, ब्लॉग, पॉडकास्ट और यूट्यूब जैसे मंचों पर हिंदी का प्रयोग तेजी से बढ़ रहा है, वहीं दूसरी ओर स्टार्टअप्स, विज्ञापन और मनोरंजन की दुनिया में भी हिंदी का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है।
इन मंचों पर युवा अपनी सोच, भावनाएँ और रचनात्मकता हिंदी में व्यक्त कर अपने को अधिक सहज और प्रभावशाली अनुभव करते हैं।
आज के युवाओं के लिए हिंदी न केवल सांस्कृतिक पहचान और आत्मगौरव की भाषा है, बल्कि यह करियर और अवसरों की भी भाषा बन चुकी है।
आज पत्रकारिता, सृजनात्मक लेखन (कंटेंट राइटिंग), अनुवाद, डिजिटल मार्केटिंग और ओटीटी प्लेटफॉर्म जैसे क्षेत्रों में हिंदी का विस्तार युवाओं के लिए रोजगार के नए आयाम खोल रहा है।
हिंदी जानने वाले युवाओं की माँग पत्रकारिता, कंटेंट राइटिंग, विज्ञापन, रेडियो-टीवी, ओटीटी और फिल्म उद्योग में तेजी से बढ़ रही है।
यहाँ तक कि बीपीओ, ग्राहक सेवा एवं डिजिटल मार्केटिंग जैसे क्षेत्रों में भी हिंदी जानने वालों को प्राथमिकता दी जाती है।
दरअसल हिंदी सरलता और जुड़ाव की भाषा है। आज युवा हिंदी के माध्यम से स्पष्ट संवाद करना पसंद करते हैं।
हिंदी उनके लिए बोलचाल के साथ ही अपनी पहचान स्थापित करने की भी भाषा है क्योंकि यह युवाओं को संवाद में सहजता के साथ उनकी रचनात्मकता को भी उभारती है।
आज की बदलती सामाजिक और तकनीकी परिस्थितियों में भी हिंदी युवाओं को लगातार आकर्षित कर रही है।
इंटरनेट, सोशल मीडिया और मोबाइल ऐप्स ने हिंदी को युवाओं की रोजमर्रा की भाषा बना दिया है।
आज इंस्टाग्राम, यूट्यूब, फेसबुक, पॉडकास्ट और ब्लॉग जैसे मंचों पर युवा बड़े पैमाने पर हिंदी का प्रयोग कर रहे हैं क्योंकि यह उन्हें न सिर्फ अभिव्यक्ति का सहज माध्यम देती है, बल्कि व्यापक दर्शक वर्ग से भी जोड़ती है।
समग्रतः हिंदी युवाओं को परंपरा, संस्कृति, समाज और देश की भाषा के साथ-साथ करियर, तकनीक और वैश्विक पहचान की भाषा के रूप में आकर्षित कर रही है।
जब युवा हिंदी को अपनाते हैं, तो हिंदी भविष्य की भाषा बन जाती है—क्योंकि यह उनके लिए केवल परंपरा की भाषा नहीं, बल्कि अवसर, अभिव्यक्ति और वैश्विक पहचान की भाषा है।
✍️ डॉ. साकेत सहाय
मुख्य प्रबंधक (राजभाषा)
अंचल कार्यालय, हैदराबाद
पंजाब नैशनल बैंक

साहित्यकार (संप्रति पंजाब नैशनल बैंक में मुख्य प्रबंधक (राजभाषा) के रूप में कार्यरत हैं ।)
संपर्क: hindisewi@gmail-comp




